

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Durg Mayor's video goes viral, sparks controversy over warning of slapping a street vendor
दुर्ग। दुर्ग शहर की महापौर अल्का बाघमार का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह इंदिरा मार्केट कुआं चौक के पास सड़क किनारे ठेला लगाकर व्यवसाय करने वाले एक व्यक्ति पर नाराजगी जाहिर करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान महापौर का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने ठेला संचालक को चेतावनी देते हुए कहा कि “मुझे गुस्सा आ गया तो मैं तुम्हें झापड़ लगा दूंगी।”
व्यस्त सड़क पर ठेला लगाने से यातायात प्रभावित
बताया जा रहा है कि यह घटना शहर की एक व्यस्त सड़क की है, जहां सड़क किनारे ठेले लगाए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम के समय इस क्षेत्र में काफी भीड़ रहती है, जिससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सोशल मीडिया पर बंटी राय
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने महापौर की कार्यशैली और भाषा पर सवाल उठाए हैं, जबकि कई लोग इसे शहर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया सख्त कदम बता रहे हैं।
महापौर ने दी सफाई, बताया पुराना वीडियो
मामले ने तूल पकड़ने के बाद महापौर अल्का बाघमार ने अपनी सफाई भी पेश की। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि करीब तीन महीने पुराना है और जनवरी माह के अंत का बताया जा रहा है। महापौर के अनुसार जिस स्थान पर ठेला लगाया गया था, वहां अत्यधिक भीड़ रहती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
“यातायात व्यवस्था बनाए रखना मेरी जिम्मेदारी”
महापौर ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने संबंधित व्यक्ति को वहां से ठेला हटाने के लिए कहा था। फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर पक्ष-विपक्ष में बहस जारी है।