

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kerala Assembly Elections 2026: Early trends reveal a major upset, with CM Pinarayi Vijayan and 12 ministers trailing.
केरल। केरल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। 140 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) स्पष्ट बढ़त बनाते हुए सरकार गठन की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा रुझानों के अनुसार यूडीएफ 90 से अधिक सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) 40 से कुछ अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा नीत राजग भी चार सीटों पर आगे बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन अपने गढ़ में पीछे
सबसे चौंकाने वाला रुझान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की सीट धर्मदम से सामने आया है। विजयन अपने प्रतिद्वंद्वी वी पी अब्दुल रशीद से पीछे चल रहे हैं। धर्मदम को मुख्यमंत्री का मजबूत गढ़ माना जाता है, क्योंकि यह उनका गृह क्षेत्र भी है। ऐसे में यहां पिछड़ना एलडीएफ के लिए बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
12 मंत्रियों की सीटों पर संकट
मतगणना के शुरुआती दौर में एलडीएफ सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों को भी कड़ी चुनौती मिल रही है। जिन मंत्रियों के पीछे होने की खबर है उनमें वीना जॉर्ज, एम बी राजेश, ओ आर केलू, आर बिंदू, जे चिंचूरानी, पी राजीव, के बी गणेश कुमार, वी एन वासवन, वी शिवनकुट्टी, वी अब्दुरहमान, ए के शशीद्रन और रोशी ऑगस्टीन शामिल हैं। इन नेताओं के पिछड़ने से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि इस बार मतदाताओं ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है।
भाजपा को भी मिलती दिख रही बढ़त
हालांकि मुकाबला मुख्य रूप से यूडीएफ और एलडीएफ के बीच है, लेकिन भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) भी कुछ क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा है। शुरुआती रुझानों में राजग चार विधानसभा सीटों पर आगे चल रहा है।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल
रुझानों ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। यदि ये बढ़त अंतिम नतीजों में बदलती है तो केरल में सत्ता परिवर्तन तय माना जा रहा है। राजनीतिक दलों के कार्यालयों में समर्थकों की भीड़ जुटने लगी है और अंतिम परिणामों का इंतजार किया जा रहा है।