

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bharatmala Project Chhattisgarh
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों—रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और दुर्ग-आरंग बायपास मार्ग—का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। यह जानकारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में दी।
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को रायपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए निर्माणाधीन सड़कों पर वैकल्पिक या डायवर्टेड मार्गों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

केशकाल घाटी बायपास में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में सचिव बंसल ने केशकाल घाटी बायपास परियोजना की समीक्षा करते हुए सड़क निर्माण के साथ-साथ प्रस्तावित दो बड़े पुलों का कार्य भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ेगी राज्य की सड़कें
समीक्षा के दौरान बताया गया कि भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का कार्य भी तेज गति से जारी है। सचिव बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की टू-लेन और फोर-लेन सड़कों को इन राष्ट्रीय आर्थिक गलियारों से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि प्रदेश को इन परियोजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के ये सड़क खंड चालू होने के बाद छत्तीसगढ़ के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी तथा माल एवं यात्री परिवहन और अधिक सुगम होगा।
रायपुर में प्रस्तावित फ्लाईओवरों की भी हुई समीक्षा
बैठक में रायपुर के तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक में प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजनाओं की स्वीकृति और प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक जानकारी उच्च कार्यालयों को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर
पीडब्ल्यूडी सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के दौरान ब्लैक स्पॉट समाप्त करने, सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा मानक अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
ठेकेदारों को दी सख्त चेतावनी
बैठक के दूसरे चरण में सचिव बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कर रहे ठेकेदारों से चर्चा कर कार्यस्थलों पर आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ा विषय है और गुणवत्ता या समय-सीमा में किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी परियोजनाएं अनुबंध के अनुरूप निर्धारित अवधि में पूर्ण होनी चाहिए।
बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी अभिजीत कुमार, एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप, अधीक्षण अभियंता एस.एस. माझी सहित राष्ट्रीय राजमार्ग संभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।