

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

tamil nadu govt hospital free gold ring scheme cm vijay
तमिलनाडु की विजय सरकार ने अपना एक और बड़ा चुनावी वादा पूरा कर दिया है। राज्य सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए घोषणा की है कि सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले स्थानीय निवासियों के बच्चों को उपहार स्वरूप 1 ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना का नाम 'थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम' रखा गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में प्रसव (डिलीवरी) को बढ़ावा देना है।
वर्तमान में एक ग्राम सोने की इस अंगूठी की कीमत करीब 14,218 रुपये है। सरकार के इस कदम से राज्य के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सालाना बंटेगा 420 किलो सोना, आएगा भारी खर्च
आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024-25 में तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में करीब 4.2 लाख बच्चों ने जन्म लिया था, यानी रोजाना औसतन 1150 बच्चे पैदा होते हैं। यदि सालाना इतने ही जन्म होते हैं, तो सरकार को एक साल में करीब 420 किलो सोना बांटना होगा। 24 कैरेट सोने के मौजूदा दाम (1.42 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) के हिसाब से राज्य सरकार पर सालाना करीब 597.15 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ आएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी का खर्च जहां मात्र 1,364 रुपये आता है, वहीं निजी अस्पतालों में यह 63,000 रुपये से अधिक होता है। इस योजना के लागू होने के बाद अब सरकारी अस्पतालों में प्रसव के लिए महिलाओं की भीड़ काफी बढ़ सकती है। बता दें कि तमिलनाडु पहले से ही उन राज्यों में शामिल है, जहां 100% संस्थागत प्रसव (Institutional Delivery) होता है।
चोरी रोकने के लिए अस्पतालों में बनेंगे बैंक जैसे लॉकर
सोने की अंगूठियों की सुरक्षा और चोरी को रोकने के लिए सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसके तहत सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष लॉकर रूम बनाए जा रहे हैं। ये लॉकर बैंक लॉकर की तरह होंगे, जो दो अलग-अलग चाबियां लगाने पर ही खुलेंगे। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से की जाएगी। अस्पताल से छुट्टी (डिस्चार्ज) मिलने के वक्त यह सोने की अंगूठी सीधे बच्चे की मां को सौंपी जाएगी।