

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Chief Minister Sai met with tribal youth hostel students who succeeded in the UPSC preliminary examination.
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के उन विद्यार्थियों से मुलाकात की, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के मेहनतकश परिवारों के संघर्ष और सपनों का सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफल अभ्यर्थियों में राजमिस्त्री, किसान और शिक्षक परिवारों के बेटे-बेटियां शामिल हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा के पहले चरण में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने इसे पूरे प्रदेश, विशेषकर ग्रामीण और जनजातीय युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी अध्ययन पद्धति, तैयारी और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा केवल एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जबकि वास्तविक लक्ष्य मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम को सफलता की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि भविष्य में प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाते समय वे संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वंचित और प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है। इससे दूरस्थ वनांचलों, जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राजधानी में रहकर यूपीएससी सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे मजबूत आधार शिक्षित, जागरूक और सक्षम युवा हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़े और देश की सर्वोच्च सेवाओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करे।
उल्लेखनीय है कि यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका में रहकर तैयारी करने वाले 13 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।
इस अवसर पर विजय शर्मा तथा श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे। दोनों मंत्रियों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
