

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Monsoon active in Chhattisgarh: Warning issued for rain, thunderstorms, and lightning in several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के कुछ स्थानों पर मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ वर्षा दर्ज की गई। दंतेवाड़ा और रायगढ़ जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक मौसमी द्रोणिका राजस्थान से उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसी वजह से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रह सकती है। साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
राजधानी रायपुर में 25 जून को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चल सकता है। मौसम विभाग ने रायपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।