

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: CM Sai met Union Health Minister JP Nadda; held detailed discussions on the expansion of health services and the availability of fertilizers and seeds for farmers.
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान स्वास्थ्य, चिकित्सा अधोसंरचना, कृषि और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विशेष रूप से ग्रामीण, दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को आधुनिक और बेहतर उपचार सुविधाएं राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त तथा समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। खरीफ सीजन के दौरान कृषि आदानों की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम साय ने बताया कि गांव-गांव अभियान चलाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे खेती की उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि राज्य सरकार नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। किसानों को इनके लाभों की जानकारी देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य कर रही है। राज्य के समग्र विकास के लिए दोनों सरकारों के बीच सहयोग और मजबूत किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य एवं अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।