

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big news: Land acquisition scam in Bharat Mala NH-130A project, Patwari Suresh Mishra suspended
बिलासपुर। भारत माला परियोजना के तहत बिलासपुर-उरगा NH 130A मार्ग में जमीन अधिग्रहण और मुआवज़ा वितरण में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। जांच में दोषी पाए गए भाड़म हल्का नंबर 51 के पटवारी सुरेश कुमार मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने उनके खिलाफ जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि सुरेश मिश्रा महज एक सप्ताह बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे।
आपको बता दें कि, बिलासपुर की ढेका तहसील के तत्कालीन पटवारी (पहनं 44) पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम ढेका के भू-अर्जन मामलों—प्रकरण क्रमांक 02/अ-82/2017-18 (अवार्ड: 10 मई 2021) और प्रकरण क्रमांक 01/अ-82/2018-19 (अवार्ड: 9 जून 2021)—में पटवारी द्वारा खसरा नक्शा, बटांकन और मुआवजा निर्धारण में भारी अनियमितताएं की गईं।
खसरा पांचसाला में भूमि अर्जन से जुड़े दस्तावेज़ों के बंटवारे की तारीखों में वाइटनर और कागज़ी पर्चियों के ज़रिए छेड़छाड़ कर गंभीर कूटरचना की गई। जांच में सामने आया कि संबंधित हल्का पटवारी सुरेश मिश्रा ने शासकीय कार्यों में न केवल भारी लापरवाही बरती, बल्कि अपनी मर्जी से नियमों की अनदेखी भी की। यह आचरण सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम तीन का स्पष्ट उल्लंघन माना गया। वहीं इस आधार पर सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत सुरेश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। निलंबन के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।