

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big news: The All India Representative Assembly of the Rashtriya Swayamsevak Sangh may approve organizational changes.
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर होने जा रही अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलावों पर फैसला हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, प्रांत प्रचारक का पद समाप्त कर राज्य प्रचारक का पद सृजित करने और कमिश्नरी स्तर पर संभाग प्रचारक नियुक्त करने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा तय मानी जा रही है।
हरियाणा के समालखा में 13 से 15 मार्च तक प्रतिनिधि सभा की बैठक आयोजित होगी। इसमें संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ सभी आनुषंगिक संगठनों के अध्यक्ष और संगठन मंत्री भाग लेंगे।
संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार, सांगठनिक ढांचे में बदलाव का निर्णय लेने का उचित मंच अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा ही है। यदि प्रस्तावित बदलावों पर सर्वसम्मति बनती है तो शताब्दी वर्ष के दौरान ही इन्हें लागू किया जा सकता है।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पहली बार नितिन नवीन भी हिस्सा लेंगे। चर्चा है कि वे भाजपा के लिए और अधिक प्रचारकों की मांग उठा सकते हैं।
वर्तमान में कई राज्यों में संगठन मंत्री का पद खाली है, क्योंकि इन पदों पर नियुक्ति के लिए संघ के वरिष्ठ प्रचारकों की आवश्यकता होती है।
यदि प्रांत प्रचारक का पद समाप्त कर राज्य प्रचारक का पद बनाया जाता है, तो बड़ी संख्या में मौजूदा प्रांत प्रचारकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कुछ को राज्य प्रचारक बनाया जा सकता है, जबकि अन्य को संघ के विभिन्न आनुषंगिक संगठनों, जिनमें भाजपा भी शामिल है, में दायित्व दिए जाने की संभावना है।