

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Block Congress presidents are being trained under the organization creation campaign.
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला स्तर के बाद अब ब्लॉक स्तर के अध्यक्षों की ट्रेनिंग शुरू हो गई है। संभागवार प्रशिक्षण कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में रायपुर संभाग के 74 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र रविवार 20 सितंबर से शुरू हुआ, जो 22 सितंबर तक चलेगा। इस प्रशिक्षण सत्र में ब्लॉक अध्यक्षों को पार्टी अनुशासन, फील्ड वर्क के साथ-साथ कांग्रेस के डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है।
इस प्रशिक्षण सत्र में अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन के कामकाज से जुड़े विषयों पर जानकारी दे रहे हैं। इसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने और डिजिटल माध्यमों के जरिए संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने जैसे विषय शामिल हैं। ब्लॉक अध्यक्षों को अपनी जिम्मेदारियों और जमीनी स्तर पर संगठन के साथ काम करने के तरीके से भी अवगत कराया जा रहा है। कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संगठन मलकीत सिंह गैदू ने कहा, कि प्रशिक्षण को लेकर ब्लॉक अध्यक्षों में अच्छा रिस्पॉन्स है। वे अनुशासन के साथ प्रशिक्षण का लाभ ले रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद ये ब्लॉक अध्यक्ष फील्ड में जाकर संगठन के लिए काम करेंगे और 2028 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे।
इस ट्रेनिंग से होने वाले फायदों की अगर बात करें, तो आगामी चुनाव में इससे संगठन के कामकाज और जिम्मेदारियों को लेकर एक जैसी कार्यप्रणाली विकसित करने में मदद मिल सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने की क्षमता बढ़ सकती है। प्रशिक्षण से क्षेत्र में नियमित दौरे, कार्यकर्ताओं से संपर्क और स्थानीय मुद्दों की जानकारी जुटाने पर जोर बढ़ेगा। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल की ट्रेनिंग से संगठन के संदेश और गतिविधियों को कार्यकर्ताओं तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
आपको बता दें, कि ब्लॉक स्तर पर दिए जा रहे इस प्रशिक्षण के बाद करीब 90 विधानसभा अध्यक्षों की भी ट्रेनिंग होगी। इसके बाद मंडल और बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। कुल मिलाकर कहा जाए, तो जिला से लेकर ब्लॉक, विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर तक पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा स्तर के प्रशिक्षण में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर रहेगा।