

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

dallirajhara iti teacher assault students shovel fir balod chhattisgarh
रायपुर। बालोद जिले के दल्लीराजहरा स्थित सरकारी ITI में विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान शिक्षक पर पांच छात्रों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रों की शिकायत के आधार पर राजहरा पुलिस ने शिक्षक फनील साहू के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्रों ने आरोप लगाया है कि शिक्षक ने विवाद के दौरान लोहे के बेलचे से मारपीट की। घटना में पांच छात्रों को चोट आने की बात शिकायत में कही गई है। छात्रों ने शिक्षक पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
विश्वकर्मा जयंती की तैयारी के दौरान हुआ विवाद
FIR के मुताबिक, घटना 17 सितंबर की है। सरकारी ITI में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सार्वजनिक भंडारे की तैयारी चल रही थी। सुबह करीब 9 बजे से खाना बनाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान करीब 11:30 बजे वेल्डर प्रथम वर्ष का छात्र गजेंद्र साहू पानी पीने के लिए कक्षा में गया।
शिकायत के अनुसार, पानी पीकर वापस लौटने पर बरामदे में शिक्षक फनील साहू ने गजेंद्र से काम छोड़कर जाने को लेकर सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। छात्रों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शिक्षक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद लोहे के बेलचे से गजेंद्र के साथ मारपीट की।
शिकायत में बताया गया है कि मारपीट में गजेंद्र के बाएं हाथ की कलाई के पास चोट आई।
बीच-बचाव करने आए छात्रों को भी पीटने का आरोप
छात्रों के मुताबिक, विवाद के दौरान शिक्षक ने वहां मौजूद अन्य छात्रों को भी गालियां दीं। आरोप है कि शिक्षक ने बेलचा हाथ में लेकर छात्रों को दौड़ाया और कहा कि “आज किसी को नहीं छोड़ूंगा।”
बताया गया कि बीच-बचाव करने के लिए आगे आए नमन खोब्रागढ़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू के साथ भी मारपीट की गई। FIR में इन छात्रों को चोट लगने का उल्लेख है।
शिकायत के अनुसार, इस दौरान नमन और देवेंद्र की कमर, सूरज के हाथ और युवराज की दाहिनी जांघ में चोट आई। घटना के बाद पांचों छात्रों ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी।
छात्रों के परिजनों ने ITI पहुंचकर किया हंगामा
घटना में छात्रों के घायल होने की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन ITI पहुंचे। वहां मामले को लेकर विवाद और हंगामे की स्थिति बन गई। छात्रों और उनके परिजनों ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद पांचों छात्र अपने परिजनों के साथ राजहरा थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।
तीन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
छात्रों की शिकायत के आधार पर राजहरा पुलिस ने शिक्षक फनील साहू के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।
राजहरा CSP विकास पाटले ने बताया कि छात्रों की शिकायत के आधार पर शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
फिलहाल यह मामला शिकायत और FIR में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।