

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
CG News: Bomb rumor in Chhattisgarh Sampark Kranti Express caused panic, search conducted at Jhansi station
रायपुर। छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बम की सूचना से शुक्रवार देर रात झांसी रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से दुर्ग जा रही इस ट्रेन में बम होने की खबर मिलने के बाद ट्रेन को झांसी स्टेशन पर रोककर सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच के बाद ट्रेन में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और राहत की सांस ली गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात दिल्ली कंट्रोल रूम में एक अज्ञात कॉलर ने संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बम होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ अलर्ट हो गए और ट्रेन को तुरंत झांसी में रोक दिया गया। स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और बम निरोधक दस्ता एवं अग्निशमन टीम भी मौके पर पहुंची।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरी ट्रेन को खाली करा लिया गया। हर कोच की बारीकी से जांच की गई। तलाशी के दौरान एससी कोच बी-वन में तीन लावारिस डिब्बे मिले, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और बढ़ गई। लेकिन बम निरोधक दस्ते ने इनकी भी जांच की और कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। पूरे सर्च ऑपरेशन के बाद ट्रेन को क्लियरेंस दे दिया गया और उसे दुर्ग के लिए रवाना कर दिया गया।
घटना के चलते यात्रियों में कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया था, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान और मंशा का पता लगाने के लिए जांच में जुट गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों से घबराएं नहीं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत सुरक्षा कर्मियों को दें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि ऐसी झूठी सूचनाएं देकर भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।