

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Accident: Tragic road accident in Kawardha, car returning from wedding falls into Phok river, 4 died
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ई गांव के पास फोक नदी पुल पर हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी।
शादी समारोह से लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के कुछ युवक पंडरिया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी युवक कार से वापस रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान गड़ई गांव के पास उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे पुल से नीचे फोक नदी में गिर गया।
मौके पर चार की मौत, दो की हालत गंभीर
हादसे के समय कार में कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना में अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।