

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Corona Update: Two new COVID-19 cases detected in Chhattisgarh; Health Department on alert; both elderly patients are undergoing treatment in the hospital.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं। इनमें एक मरीज कोरबा और दूसरा दुर्ग जिले का निवासी है। दोनों मरीज बुजुर्ग हैं और पहले से अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे। इलाज के दौरान की गई जांच में उनकी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल दोनों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दो नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को आवश्यक दवाइयों, ऑक्सीजन, जांच सुविधाओं और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
देश के कई राज्यों में हाल के दिनों में कोरोना संक्रमण के मामलों में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी अवधि में आंध्र प्रदेश में संक्रमण से चार मौतों की भी सूचना मिली है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में सामने आ रहे अधिकांश मामलों में संक्रमण हल्का है और स्थिति पिछली लहरों जैसी गंभीर नहीं है।
जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. निलय मोझेरकर ने बताया कि कोरोना वायरस भी अन्य फ्लू वायरस की तरह समय-समय पर अपना स्वरूप और वैरिएंट बदलता रहता है। मौसम में बदलाव के दौरान वायरल संक्रमण बढ़ना सामान्य प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल जो मरीज सामने आ रहे हैं, उनमें गंभीर जटिलताएं बहुत कम देखने को मिल रही हैं। फिर भी बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें, हाथों की स्वच्छता बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर मास्क का उपयोग करें।