

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG IAS Transfer: 8 IAS and 19 State Administrative Service officers transferred; Bhilai Municipal Commissioner replaced; new officers posted in several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव करते हुए 8 आईएएस और 19 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के तहत कई जिलों में नए मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि भिलाई नगर निगम समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची में सबसे चर्चित बदलाव भिलाई नगर निगम में हुआ है। नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय को हटाकर उन्हें अपर संचालक, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर भेजा गया है। उनकी जगह 2020 बैच की आईएएस अधिकारी सुरूचि सिंह को भिलाई नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। नगर निगम के गठन के बाद यह पहला अवसर होगा, जब किसी महिला अधिकारी को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भिलाई नगर निगम में लंबे समय से आयुक्त और जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद चल रहा था। महापौर और पार्षदों ने आयुक्त पर सामान्य सभा की मंजूरी के बिना करोड़ों रुपये के कार्यों को स्वीकृति देने और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। बाद में विभिन्न स्तरों पर शिकायत और जांच की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके बाद शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उनका तबादला कर दिया।
ताजा आदेश के अनुसार रिमिजियुस एक्का को नगरीय प्रशासन विभाग के साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गजेंद्र सिंह ठाकुर को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में उप सचिव बनाया गया है। प्रतीक जैन को कोरबा जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। जयंत नाहटा को धमतरी जिला पंचायत, एम. भार्गव को दंतेवाड़ा जिला पंचायत, तन्मय खन्ना को बस्तर जिला पंचायत तथा दुर्गा प्रसाद अधिकारी को राजनांदगांव जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है।
राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इंद्रजीत बर्मन को संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं में अपर संचालक, भारती चंद्राकर को मार्कफेड में अतिरिक्त प्रबंध संचालक, दिनेश कुमार नाग को छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन का महाप्रबंधक और नयनतारा सिंह तोमर को चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में अपर संचालक बनाया गया है।इसके अलावा गोकुल राम रावटे को मुंगेली जिला पंचायत, आशुतोष चतुर्वेदी को बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पंचायत और अभिषेक कुमार गुप्ता को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं प्रभाकर पाण्डेय को खेल एवं युवा कल्याण विभाग में संयुक्त संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।