

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Farmers to get relief for crop damage caused by Cyclone ‘Arnab’; CM Vishnu Deo Sai orders a survey.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण कई क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रभावित किसानों को राहत और सहायता राशि उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन किया जाए। इसके लिए सभी कलेक्टर अपने-अपने जिलों में सर्वेक्षण की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराएं, ताकि नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और प्रभावित किसानों को समय पर सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि फसल क्षति का आकलन करने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सर्वेक्षण से लेकर मुआवजा वितरण तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित किसानों को सहायता प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सर्वेक्षण और राहत वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और किसानों तक समय पर सहायता पहुंचे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित किसानों को प्राथमिकता के आधार पर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के इन निर्देशों से चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण फसल नुकसान झेल रहे किसानों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।