

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Liquor scam money manager Vikas Agarwal sent Rs 1,200 crore to Dubai; spent nearly Rs 100 crore on hawala transactions.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले और महादेव सट्टा एप मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। शराब घोटाले के कथित मनी मैनेजर विकास अग्रवाल और महादेव सट्टा एप के एक अन्य प्रमोटर रवि उप्पल के दुबई में पकड़े जाने के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने दोनों आरोपियों को भारत लाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इंटरपोल की नोडल एजेंसी के रूप में CBI के अधिकारी आरोपियों के प्रत्यर्पण को लेकर संबंधित माध्यमों से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।
शराब घोटाले की जांच कर रही राज्य की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के एक अधिकारी के मुताबिक, अनवर ढेबर के करीबी विकास अग्रवाल ने वर्ष 2022 में हवाला के जरिए 1200 करोड़ रुपये से अधिक की रकम दुबई ट्रांसफर की थी। बताया गया है कि मई से जुलाई 2022 के बीच यह रकम अलग-अलग माध्यमों से शिफ्ट की गई। इस पूरी प्रक्रिया में आरोपी ने करीब 100 करोड़ रुपये हवाला कमीशन के रूप में खर्च किए थे। केंद्रीय जांच एजेंसियों का दबाव बढ़ने के बाद रकम को विदेश भेजने की कवायद की गई थी।
जांच अधिकारी के अनुसार, दुबई में हवाला के जरिए भेजी गई रकम अनवर ढेबर के कहने पर विकास अग्रवाल ने ट्रांसफर की थी। इस रकम से दुबई में किन-किन संपत्तियों की खरीदारी की गई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। केंद्रीय जांच एजेंसियां विदेश में खरीदी गई संपत्तियों की पहचान करने के साथ यह भी पता लगा रही हैं कि घोटाले की रकम में से किस व्यक्ति के हिस्से में कितनी राशि गई और किसके लिए कितनी रकम दुबई भेजी गई।
जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, शराब घोटाले से प्राप्त रकम का प्रबंधन विकास अग्रवाल ही संभालता था। रकम कब और कहां से मंगानी है, इसका फैसला भी वही करता था। आयकर विभाग (IT) और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों का दबाव बढ़ने पर वह घोटाले से प्राप्त रकम को तीन से चार अलग-अलग कलेक्शन सेंटर में मंगाता था। इसके बाद रकम एकत्र कर अनवर ढेबर तक पहुंचाई जाती थी।
बताया गया है कि अनवर ढेबर के निर्देश पर विकास अग्रवाल इस रकम को अन्य संबंधित लोगों तक भी पहुंचाता था। अब विकास अग्रवाल और रवि उप्पल के दुबई में पकड़े जाने के बाद जांच एजेंसियां दोनों को भारत लाने के साथ विदेश में भेजी गई कथित घोटाले की रकम और उससे खरीदी गई संपत्तियों का पूरा नेटवर्क खंगालने में जुटी हैं।