

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Mumbai Indians team reaches Raipur, will face RCB on May 10
रायपुर। आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस की टीम बुधवार शाम करीब चार बजे विशेष विमान से रायपुर पहुंची। टीम स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उतरी, जहां क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए पहले से मौजूद थी।
हालांकि टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या, स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, बल्लेबाज तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव रायपुर नहीं पहुंचे। माना जा रहा है कि ये चारों खिलाड़ी गुरुवार को टीम से जुड़ेंगे।
एयरपोर्ट से सीधे मेफेयर होटल पहुंची टीम
एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी विशेष लग्जरी बस से सीधे मेफेयर होटल रवाना हो गए। टीम के साथ पूर्व कप्तान रोहित शर्मा समेत अधिकांश खिलाड़ी मौजूद रहे।
सूत्रों के मुताबिक कप्तान हार्दिक पांड्या फिलहाल मुंबई में ही रुके हुए हैं और मैच से पहले रायपुर पहुंचेंगे। मुकाबले में अभी चार दिन का समय बाकी होने के कारण खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
खिलाड़ियों की झलक पाने उमड़े फैंस
मुंबई इंडियंस की टीम के रायपुर पहुंचने की जानकारी पहले से मिलने के कारण एयरपोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में फैंस जमा हो गए थे। जैसे ही खिलाड़ी एयरपोर्ट से बाहर निकले, प्रशंसकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। कई फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के पोस्टर और जर्सी लेकर पहुंचे थे।
10 मई को विराट की आरसीबी से भिड़ंत
मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। विराट कोहली की टीम आरसीबी इस समय शानदार फॉर्म में है, ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है।
पॉइंट्स टेबल में संघर्ष कर रही मुंबई इंडियंस
आईपीएल 2026 की अंक तालिका में मुंबई इंडियंस फिलहाल नौवें स्थान पर बनी हुई है। वहीं लखनऊ की टीम खराब प्रदर्शन के चलते आखिरी यानी 10वें स्थान पर है।
दूसरी ओर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स 9 मैचों में 13 अंकों के साथ शीर्ष पर कायम है। रजत पाटीदार की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स भी 12-12 अंकों के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर मौजूद हैं।