

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News Now flights will run only 3 days a week from Ambikapur Airport new schedule released
रायपुर। अंबिकापुर के महामाया एयरपोर्ट, दरिमा से अब हफ्ते में 3 दिन ही फ्लाइट का संचालन किया जाएगा। हवाई सेवा का संचालन करने वाली फ्लाई बिग ने करीब दो महीने पहले पांच दिनों की फ्लाइट का शेड्यूल जारी किया था। अंबिकापुर से रायपुर और बिलासपुर के लिए हवाई सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। हालांकि सेवाएं घटाने का कारण विमान में तकनीकी खराबी बताया गया है।
सरगुजा के लिए हवाई सेवाओं की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी। फ्लाई बिग कंपनी ने उड़ान योजना के तहत रायपुर से अंबिकापुर, अंबिकापुर से बिलासपुर, बिलासपुर से अंबिकापुर और अंबिकापुर से रायपुर हवाई सेवाएं संचालित की। शुरूआती दिनों में 3 दिनों के लिए ही फ्लाइट शुरू की गई थी, जिसे 2 महीने पहले बढ़ाकर 5 दिन कर दिया गया था। रविवार-सोमवार को छोड़कर शेष पांच दिन फ्लाइट सेवाओं का संचालन किया जा रहा था।
फ्लाई बिग कंपनी ने फिर से सेवाओं को घटाकर तीन दिन कर दिया है। अब हवाई सेवा गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी के सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी ने विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण शेड्यूल बदलना बताया गया है। यह शेड्यूल 19 मई को ही जारी कर दिया गया है
फ्लाई बिग के लिए हवाई सेवाओं के संचालन में सबसे बड़ी मुसीबत अंबिकापुर-बिलासपुर एवं बिलासपुर-अंबिकापुर की सेवा है, जिसके लिए यात्री नहीं मिल रहे हैं। हालांकि इस रूट का किराया निर्धारित बेस फेयर अर्थात 999 रुपए ही रखा गया है, लेकिन ज्यादातर फ्लाइट खाली जा और आ रही है। अंबिकापुर-रायपुर एवं रायपुर-अंबिकापुर का किराया भी फ्लाई बिग ने तीन महीने पहले बेस फेयर से बढ़ाकर 3999 और 4999 तक कर दिया था। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद किराया 1499 रुपए निर्धारित किया गया है। इसके बाद लोगों का रुझान इस रूट पर बढ़ा है।