

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Politics: Major BJP campaign on social media; 'Digital Warriors' to be prepared at the booth level, with an online exam also to be conducted.
रायपुर। आगामी चुनावों और डिजिटल प्रचार को मजबूत बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पार्टी अब प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन का प्रशिक्षण देगी। इसके लिए 'सरल' ऐप के माध्यम से विशेष डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है, जहां कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन कोर्स के साथ परीक्षा भी देनी होगी।
भाजपा के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर के चयनित कार्यकर्ताओं को लगभग तीन घंटे का ऑनलाइन कोर्स पूरा करना होगा। इसमें संगठन की कार्यप्रणाली, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कंटेंट तैयार करने और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के तरीके सिखाए जाएंगे।कोर्स पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों की ऑनलाइन परीक्षा होगी। सफल होने वाले कार्यकर्ताओं को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी प्रदेश और केंद्रीय संगठन स्तर से की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को यह भी बताया जाएगा कि सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ बनने वाले नैरेटिव का तथ्यात्मक और प्रभावी तरीके से जवाब कैसे दिया जाए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति भी समझाई जाएगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों से तीन-तीन प्रमुख कार्यकर्ताओं का चयन कर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये प्रशिक्षित कार्यकर्ता आगे मंडल और बूथ स्तर पर अन्य कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग और सोशल मीडिया अभियान की जानकारी देंगे।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाजपा नेताओं ने संगठन को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा पूरे वर्ष जनसेवा और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहती है और डिजिटल माध्यमों के जरिए इसकी पहुंच और अधिक मजबूत की जा रही है।प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही सरकार और संगठन के कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकते हैं। वहीं प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने लोकतंत्र और संगठनात्मक मूल्यों से जुड़े विषयों पर भी कार्यकर्ताओं को जागरूक करने की आवश्यकता बताई।
भाजपा के सोशल मीडिया विभाग की बैठक में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं के व्यापक प्रचार पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने डिजिटल युग में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।वहीं आईटी सेल की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बूथ समितियों के सत्यापन, सोशल मीडिया समूहों के गठन और जिला व मंडल स्तर पर आईटी टीमों के विस्तार की रणनीति तैयार की गई। प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म अब संगठन और सरकार के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने का सबसे मजबूत माध्यम बन चुका है।