

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Countdown to the monsoon's departure from the state; experiencing daytime heat and nighttime chill.
रायपुर। छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जल्द शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है।
गुरुवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा और किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। बारिश का दौर थमने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों को दिन में गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रात के तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंड का अहसास होने लगा है।
राजधानी रायपुर में 2 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल रायपुर में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे प्रदेश में दिन और रात के तापमान के बीच अच्छा खासा अंतर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है।
अगले 48 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के साथ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से मानसून की और वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है। इसी क्रम में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।