

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Today: Weather conditions in Chhattisgarh to remain unsettled for another two days; alerts issued for heavy rain and lightning strikes in several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, लेकिन राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। रायपुर में लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा में सबसे अधिक 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं कटेकल्याण और सुकमा में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। सरिया, धनोरा और नया बाराद्वार में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा दंतेवाड़ा, अंतागढ़, केल्हारी, सक्ती, बड़े बचेली, अड़भार, बम्हनीडीह, वाड्रफनगर और गादीरास में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से होकर मध्य भारत, जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है, होते हुए पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में पर्याप्त नमी बनी हुई है, जिसके चलते अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह धूप निकलने के बावजूद हवा में हल्की ठंडक महसूस की गई, हालांकि उमस से लोगों को राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विभाग ने सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने खुले स्थानों पर बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।