

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Weather pattern changes in Chhattisgarh; rain likely in several districts, including Raipur; lightning warning issued.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं हल्की बारिश हो रही है तो कहीं धूप-छांव का दौर जारी है। कई दिनों के इंतजार के बाद बुधवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
बुधवार सुबह से रायपुर में बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर बाद शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, लेकिन यह बारिश लोगों को गर्मी से राहत देने के बजाय उमस और चिपचिपी गर्मी बढ़ाने वाली साबित हुई। शहर में खंड वर्षा की स्थिति रही, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग मौसम देखने को मिला।
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 15 जुलाई तक सामान्य से करीब 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई, हालांकि कहीं भी भारी वर्षा की स्थिति नहीं बनी। बुधवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र के पास एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
आज गुरुवार के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना है। प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और देर शाम गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।