

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: CM Sai participates in devotional singing (bhajan-kirtan) at a Radha-Krishna temple; announces financial assistance for 62 kirtan groups.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बीते रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला स्थित ईब नदी के तट पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी धर्मपत्नी और कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के अवसर पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हो रही हैं। महीनेभर चलने वाले इस आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ और अनमोल है। इसकी वास्तविक सार्थकता दूसरों के काम आने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझना और उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास करना ही सबसे बड़ा धर्म है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराएं केवल आस्था और पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सेवा, सद्भाव, परोपकार और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देती हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करते हैं। आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ नई पीढ़ी का अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़े रहना भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कार्तिक मास के दौरान लगातार भजन-कीर्तन करने वाली सभी 62 मंडलियों के अध्यक्षों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से है। कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी सांस्कृतिक विधाएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनमें पूर्वजों का ज्ञान, जीवन दर्शन और सामाजिक एकता की भावना समाहित है। इन परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी का साझा दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जशपुर में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने जिले में ही आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध हों। चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सामाजिक जागरण और सांस्कृतिक संरक्षण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन तपस्या, समाज सुधार और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। रामायण की शिक्षा और आध्यात्मिक जागरण के माध्यम से उन्होंने समाज को सदाचार, अनुशासन और नैतिक जीवन का मार्ग दिखाया तथा नशे और मांसाहार से दूर रहकर सात्विक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने कंवर धाम के केंद्रीय कार्यालय की स्थापना और समाज की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले दिवंगत समाजजनों को भी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है और मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आवास प्लस 2024 के तहत 3 लाख 65 हजार आवास प्राप्त हुए हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं, तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना भी पुनः शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने सुशासन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, फौती नामांतरण, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र तथा थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं के लिए नागरिक 24 घंटे, सातों दिन हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिक मोबाइल से आवेदन कर घर बैठे विभिन्न प्रमाण पत्रों और शासकीय सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। फरसाबहार क्षेत्र के पंडरपानी और बंदरचुआ में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से भी ग्रामीणों को आर्थिक लेनदेन और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो रही है।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत सदस्य वेद प्रकाश भगत, कंवर समाज के पूर्व अध्यक्ष आर.एन. साय, कंवर समाज महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष स्वधा साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित थे।