

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Police took Deepak Tandon, an accused in a fraud case, to WelcomShri Hotel and searched the rooms for two hours.
रायपुर। अवैध कब्जे और ठगी के मामलों में गिरफ्तार कारोबारी दीपक टंडन को पुलिस रविवार को वीआईपी रोड स्थित साधना मंडपम हॉल लेकर पहुंची। दीपक और उसकी पत्नी बरखा यहां वेलकमश्री होटल संचालित करते थे। पुलिस ने हॉल के कमरों में करीब दो घंटे तक तलाशी ली और डीवीआर समेत कई सामान जब्त किए। इससे पहले शनिवार को पुलिस दीपक को राजेंद्र नगर स्थित उसके मकान ले गई थी, जहां से प्रॉपर्टी के दस्तावेज, पुराना मोबाइल फोन और पेनड्राइव जब्त की गई थी।
दीपक से साधना मंडपम हॉल पर अवैध कब्जे के मामले में पूछताछ की जा रही है। सोमवार को रिमांड खत्म होने पर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद तेलीबांधा थाने में दर्ज दूसरे मामले में गिरफ्तारी कर पुलिस दोबारा रिमांड लेने की तैयारी में है।
दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ शिकायत करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 30 से अधिक लोग सामने आ चुके हैं, जिनमें से 22 के बयान दर्ज किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं में डॉ. सरिता वाजपेयी, आशीष जायसवाल, श्याम सिंह ठाकुर, विकास नागले और पिंटू मंडल समेत अन्य लोग शामिल हैं। अब तक करीब 2 करोड़ रुपए की ठगी के मामले सामने आए हैं। कुछ अन्य शिकायतकर्ताओं को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
इस मामले में एक महिला ने भी दीपक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह दीपक से पैसे वापस मांगते हुए विवाद करती नजर आ रही है।
पुलिस सोमवार को दीपक की पत्नी बरखा का भी रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। इसके बाद दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, ज्यादातर मामलों में पति-पत्नी दोनों आरोपी हैं। इन मामलों से जुड़े अन्य लोगों को भी नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
दीपक के घर से जब्त पेनड्राइव में कई अधिकारियों के साथ बातचीत के स्क्रीनशॉट मिलने की जानकारी सामने आई है। इसमें मैसेज, वॉट्सएप और टेलीग्राम पर हुई बातचीत शामिल बताई जा रही है। पेनड्राइव में डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़ी चैट, तस्वीरें और अन्य सामग्री भी मिली है। इसके अलावा कई अधिकारियों और नेताओं के साथ दीपक की तस्वीरें भी मिली हैं। पुलिस इन सभी सामग्री की जांच कर रही है।