

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Elephants wreak havoc in Kawardha, damaging two homes belonging to a Baiga family; nine sacks of rice, stored for a wedding, are destroyed.
कवर्धा। कवर्धा जिले के कुकदुर क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जंगलों में विचरण कर रहे चार हाथियों के दल ने बीती रात केसमरदा गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बैगा परिवार के दो घरों में तोड़फोड़ की और घरों में रखे खाद्य पदार्थों को बिखेरकर बर्बाद कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने और सतर्क रहने की हिदायत दी है।
जानकारी के मुताबिक, केसमरदा गांव में रहने वाला बैगा परिवार रात में अपने घरों में सो रहा था। इसी दौरान चार हाथियों का दल अचानक बस्ती में पहुंच गया और दो घरों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के अचानक गांव में घुसने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग किसी तरह घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने के लिए भागे।
हाथियों ने घरों में रखे खाद्य पदार्थों को खाकर और बिखेरकर नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि बुधसिंह बैगा के घर में शादी की तैयारी चल रही थी। इसके लिए घर में नौ बोरी चावल रखा गया था, जिसे हाथियों ने बर्बाद कर दिया। घटना से परिवार को काफी नुकसान हुआ है।
कुकदुर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है। करीब सप्ताहभर पहले हाथियों के दल ने ग्राम बनगौरा के दलदली क्षेत्र में मितानिन बैगिनबाई को मौत के घाट उतार दिया था। लगातार हो रही घटनाओं के बीच वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगलों में जाने से बचने और हाथियों की गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।