

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CM Sai pays tribute to Pandit Deendayal Upadhyaya on his birth anniversary; says the government is committed to the upliftment of the last person in the queue.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के विचारों को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों और सिद्धांतों के माध्यम से राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति था। उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण तथा कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उनका ‘अंत्योदय’ का सिद्धांत गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाना उनके विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के संकल्प को अभिव्यक्त करता है।
उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण की दिशा में प्रेरणा देता है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को विकास की प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा का भाव देश और समाज को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उनके अंत्योदय के संकल्प के अनुरूप जरूरतमंदों और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।