

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CUET UG 2026 Result Declared: NTA has released the result; download the scorecard from the official website.
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष परीक्षा के लिए करीब 15,68,867 छात्रों ने पंजीकरण कराया था।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपने स्कोरकार्ड में नाम, आवेदन संख्या, विषयवार अंक, पर्सेंटाइल स्कोर, नॉर्मलाइज्ड मार्क्स और योग्यता स्थिति (Qualification Status) जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां देख सकते हैं। यदि स्कोरकार्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है, तो छात्रों को तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
CUET UG 2026 का आयोजन मूल रूप से 11 मई से 31 मई के बीच निर्धारित था और अधिकांश परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुईं। हालांकि, बकरीद के मद्देनजर 28 मई की परीक्षा स्थगित कर दी गई थी, जिसे बाद में 6 और 7 जून को आयोजित किया गया।
इस वर्ष CUET UG 2026 का आयोजन भारत और विदेश के कुल 321 शहरों में किया गया। परीक्षा में कुल 37 विषय शामिल थे, जिनमें 13 भाषाएं, 23 डोमेन-स्पेसिफिक विषय और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट (GAT) शामिल रहे।
NTA ने 9 जून को प्रोविजनल आंसर की, प्रश्न पत्र और उम्मीदवारों के रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स जारी किए थे। छात्रों से प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी की गई और अब आधिकारिक रूप से CUET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है।
रिजल्ट जारी होने के साथ ही अब विभिन्न केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालय CUET UG 2026 के स्कोर के आधार पर अपनी-अपनी काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया शुरू करेंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को संबंधित विश्वविद्यालयों की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।