

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Cannot issue a notice for removal of encroachment by claiming private land is government land: High Court
बिलासपुर। निजी जमीन को बिना विधिवत जांच के सरकारी भूमि बताकर अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी नहीं किया जा सकता। प्रभावित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने और जमीन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर देना जरूरी है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने इस प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने पर सूरजपुर जिले के क्रांतिप्रकाशपुर में मकान हटाने के लिए जारी नोटिस निरस्त कर दिया है। हालांकि, कोर्ट ने अधिकारियों को नियमानुसार जांच और सुनवाई के बाद नए सिरे से आदेश जारी करने की छूट दी है।
मामले की सुनवाई जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ में हुई। याचिकाकर्ता मनीष अग्रवाल और दीपक अग्रवाल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील ओटवानी ने पक्ष रखा।
याचिका के अनुसार, क्रांतिप्रकाशपुर स्थित खसरा नंबर 127/8 और 128/18 की कुल 0.0160 हेक्टेयर भूमि पहले मनीष अग्रवाल के नाम दर्ज थी। उन्होंने 27 जून 2023 को पंजीकृत दानपत्र के माध्यम से जमीन अपने छोटे भाई दीपक अग्रवाल को दे दी थी। इसके बाद राजस्व रिकॉर्ड में दीपक का नाम दर्ज हो गया।
ग्राम पंचायत की अनुमति से जमीन का उपयोग व्यावसायिक प्रयोजन के लिए परिवर्तित कराया गया और वहां मकान बनाया गया। दीपक अग्रवाल अपने परिवार के साथ इसी मकान में रह रहे हैं।
जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी ने 4 नवंबर 2026 को मनीष अग्रवाल के नाम नोटिस जारी किया था। इसमें मकान को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बताते हुए सात दिन के भीतर हटाने का निर्देश दिया गया था। नोटिस में छत्तीसगढ़ सिंचाई अधिनियम, 1931 की धारा 94 का हवाला दिया गया था।
इसके बाद दीपक अग्रवाल ने 5 नवंबर को जवाब प्रस्तुत कर जमीन के स्वामित्व में बदलाव की जानकारी दी और वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए सीमांकन कराने की मांग की। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि बिना जांच और सुनवाई के जारी नोटिस नियमों के विपरीत है।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने स्वीकार किया कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच नहीं की गई थी। सरकार की ओर से नियमानुसार जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की अनुमति मांगी गई।
हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ सिंचाई नियम, 1974 के नियम 245, 246 और 247 का उल्लेख करते हुए कहा कि नहर से संबंधित अपराधों की जांच निर्धारित योग्यता वाले सक्षम अधिकारी द्वारा की जानी चाहिए। इसके लिए प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट तैयार करने, तय समयसीमा में जांच पूरी करने और आवश्यकता पड़ने पर उच्च अधिकारी को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया निर्धारित है। नियम 253 के तहत जांच के बाद सक्षम प्राधिकारी को आदेश जारी करना होता है।
हाईकोर्ट ने कहा कि अधिनियम की धारा 94 में अपराध और दंड का प्रावधान होने के बावजूद नियमों में निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी नहीं की जा सकती। प्रभावित पक्ष को दस्तावेज और आपत्तियां प्रस्तुत करने का अवसर दिए बिना कार्रवाई करना उचित नहीं है।
इसी आधार पर कोर्ट ने 4 नवंबर 2026 को जारी नोटिस निरस्त कर दिया। हालांकि, अधिकारियों को कानून के अनुसार विधिवत जांच करने, याचिकाकर्ताओं की बात सुनने और उनके दस्तावेजों पर विचार करने के बाद नया आदेश पारित करने की छूट दी गई है।