

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Car plunges into Mahanadi River; journalist couple and their two children die a tragic death
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पत्रकार दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। परिवार की कार अनियंत्रित होकर राजिम के टीला एनीकट से महानदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों लोगों की जान चली गई। मृतकों में 21 साल की बेटी और 19 साल का बेटा भी शामिल हैं। घटना के बाद से परिवार के गांव पसौद में शोक की लहर है।
मृतकों की पहचान पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू (19) और बेटी पूर्वा साहू (21) के रूप में हुई है। पूरा परिवार फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के पसौद गांव का रहने वाला था। कार पर 'मीडिया एग्जीक्यूटिव' लिखा हुआ था।
रायपुर में मनाई थी दीपावली, गांव लौटते समय हादसा
जानकारी के मुताबिक, शीतल साहू अपने परिवार के साथ रायपुर में दीपावली मनाने आए थे। त्योहार मनाने के बाद सभी कार से अपने गांव पसौद लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात राजिम के टीला एनीकट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर महानदी में गिर गई।
हादसा रात करीब 11 बजे से 2 बजे के बीच होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से उनका गांव महज 3 किलोमीटर दूर था। घर पहुंचने में करीब 10 मिनट का समय लगता, लेकिन उससे पहले ही पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया।
रात 11 बजे हुई थी परिजनों से आखिरी बातचीत
बताया जा रहा है कि शीतल साहू की परिजनों से आखिरी बार रात करीब 11 बजे बातचीत हुई थी। इसके बाद जब रात 2 बजे तक परिवार घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। वे उनकी तलाश में निकले। इसी दौरान टीला एनीकट के पास पहुंचे तो वहां एनीकट के चार पिलर टूटे हुए मिले। तलाश करने पर कार महानदी में दिखाई दी।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने पर गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित होकर एनीकट से नदी में कैसे गिरी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पसौद गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब शोक का माहौल है।