

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Celebrating a birthday by setting up a stage on the road proves costly; FIR registered against three individuals, including the BJYM District President.
बिलासपुर। बीच सड़क पर मंच लगाकर समर्थकों के साथ जन्मदिन का जश्न मनाना भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू को भारी पड़ गया। गौरेला पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग बाधित करने और अव्यवस्था फैलाने के आरोप में सिद्धार्थ दुबे समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आयोजन का वीडियो और फेसबुक लाइव सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
मामला 18 सितंबर की रात करीब 11:42 बजे गौरेला के अमरकंटक चौक का है। जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थ दुबे के जन्मदिन के मौके पर सड़क पर ही मंच लगाया गया था। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर जुटे और मंच पर जन्मदिन का केक काटकर जश्न मनाया गया।
बताया जा रहा है कि पूरे कार्यक्रम का फेसबुक लाइव भी किया गया था। वीडियो में सड़क पर मंच और समर्थकों की भीड़ नजर आ रही थी। आयोजन के कारण सार्वजनिक मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई और वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जन्मदिन समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने और वायरल होने के बाद गौरेला पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आयोजन की स्थिति की जांच की।
जांच के बाद गौरेला थाना पुलिस ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू, मौसम ताम्रकार और रितुराज अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग बाधित करने और अव्यवस्था फैलाने के आरोपों के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस की कार्रवाई में सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और फेसबुक लाइव को अहम आधार माना जा रहा है। मामले में पुलिस आयोजन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।