

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Cement factory guards accused of brutally assaulting a 12-year-old boy in Balodabazar; one detained
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के रावन स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में 12 वर्षीय बालक के साथ कथित बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग आम तोड़ने के लिए फैक्ट्री परिसर की दीवार पर चढ़ा था। इसी दौरान सुरक्षा गार्डों ने उसे पकड़कर अंदर बुलाया और चोरी का आरोप लगाते हुए जमकर मारपीट की।
वीडियो वायरल, हालत बिगड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन गार्डों ने बच्चे को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने अंदरूनी चोटों की पुष्टि की है, हालांकि हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
परिवार पर दबाव बनाने का आरोप
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद उन्हें एफआईआर दर्ज न कराने के लिए डराया-धमकाया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पहले थाने जाने से हिचक रहा था, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के समर्थन से उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।
मंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले के तूल पकड़ने के बाद राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला प्रशासन और पुलिस को तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायल बच्चे के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस ने एक आरोपी को लिया हिरासत में
थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और एक आरोपी गार्ड को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।