

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur Crime: Dentist in Raipur duped of Rs 37.50 lakh, trapped on the pretext of investing in the stock market
रायपुर। रायपुर में एक डेंटिस्ट को शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पचपेड़ी नाका स्थित अम्रपाली सोसाइटी निवासी डॉ. गुलाबचंद बैद्य (42) ने इस संबंध में राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
फर्जी ऐप के जरिए कराया निवेश
शिकायत के मुताबिक, डॉ. बैद्य को “VIP 23 Stock Market Strategy” नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था, जहां निवेश के जरिए भारी मुनाफे का लालच दिया जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क कर ‘FARLEY LLC’ नामक ऐप में निवेश करने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि नुकसान होने पर रकम वापस कर दी जाएगी।
शुरुआत में दिया मुनाफा, फिर लगाया बड़ा चूना
आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए शुरुआती दौर में दो किस्तों में करीब 1 लाख रुपये मुनाफे के रूप में वापस भी भेजे। इसके बाद झांसे में आकर डॉ. बैद्य ने अलग-अलग खातों में कुल लगभग 38.50 लाख रुपये निवेश कर दिए।
संपर्क टूटते ही खुली ठगी की पोल
निवेश के बाद जब कोई मुनाफा नहीं मिला और आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उसका मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद डॉ. बैद्य को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आईटी एक्ट और बीएनएस के तहत केस दर्ज
राजेंद्र नगर पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट की धारा 66D और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है।
सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए मिलने वाले निवेश के लालच से सतर्क रहें और किसी भी अनजान लिंक या ऐप पर पैसे निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।