

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Center alert regarding bird flu in Bilaspur, AIIMS-NCDC team starts investigation
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू के मामलों को लेकर केंद्र सरकार भी सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में एम्स और एनसीडीसी के विशेषज्ञों की 5 सदस्यीय केंद्रीय टीम सोमवार को बिलासपुर पहुंची और प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी निरीक्षण शुरू किया। टीम ने पहले दिन कलेक्टोरेट कंट्रोल रूम, सिम्स अस्पताल और कोनी स्थित पोल्ट्री फार्म का दौरा किया।
पोल्ट्री फार्म में संक्रमण की जांच
विशेषज्ञों ने कोनी स्थित उस पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया, जहां संक्रमण की पुष्टि हुई थी। यहां साफ-सफाई, सैनिटेशन और बायो-सिक्योरिटी व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया गया। पशुपालन विभाग से संक्रमण के कारणों पर जानकारी मांगी गई, हालांकि अब तक कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है। संक्रमित मुर्गियों, अंडों, चारे और दवाइयों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया है।
सिम्स अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
टीम ने सिम्स अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग, आइसोलेशन वार्ड, वेंटिलेटर और बेड की उपलब्धता का निरीक्षण किया। संदिग्ध मरीजों के रजिस्टर और उपचार से जुड़े रिकॉर्ड का भी मिलान किया गया। इस दौरान डीन डॉ. रमनेश मूर्ति और एमएस डॉ. लखन सिंह से विस्तृत जानकारी ली गई।
अब तक मानव संक्रमण का कोई मामला नहीं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 41 संदिग्ध लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है और जिले में मानव संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद टीम ने सतर्कता बरतते हुए निगरानी बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर सैंपलिंग तेज करने के निर्देश दिए हैं।
गांवों में सर्वे और सैंपलिंग जारी
मंगलवार को टीम अकलतरी, खैरा और नगोई समेत 10 किलोमीटर दायरे के गांवों का दौरा कर रही है। यहां ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण, मेडिकल जांच और सैंपलिंग की जा रही है। साथ ही देवनंदन नगर, लिंगियाडीह और राजकिशोर नगर क्षेत्रों में लोगों से संवाद कर जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है।
एनसीडीसी के नेतृत्व में जांच दल
जांच दल का नेतृत्व एनसीडीसी रायपुर के रीजनल डायरेक्टर डॉ. संदीप जोगदंड कर रहे हैं। टीम में पल्मोनोलॉजिस्ट, मेडिसिन विशेषज्ञ, माइक्रोबायोलॉजिस्ट और ईआईएस विशेषज्ञ शामिल हैं। टीम अपनी रिपोर्ट डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज और स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंपेगी।
कनन पेंडारी जू फिर खुला, प्रतिबंध जारी
बर्ड फ्लू के खतरे के चलते बंद किया गया कनन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क अब पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। हालांकि एहतियात के तौर पर नियमित सैनिटाइजेशन किया जा रहा है और प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिले में 10-15 किलोमीटर के दायरे में चिकन और अंडों की बिक्री पर फिलहाल प्रतिबंध जारी है।