

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chandrashekhar Azad and Owaisi have joined hands.
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में नए गठबंधन का ऐलान हुआ है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिला लिया है। दोनों नेताओं ने गुरुवार को साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने गठबंधन का नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' घोषित किया।
गठबंधन ने ऐलान किया है कि वह उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया है। वहीं, 26 नवंबर को गठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करने की जानकारी भी दी गई है।
बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि दबे-कुचले और वंचित वर्गों को अब तक केवल वोटर के रूप में इस्तेमाल किया गया है। यूपी के युवाओं के सामने बेरोजगारी बड़ी चुनौती है।
वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव के लिए बनाया गया गठबंधन है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में यह मोर्चा सत्ता परिवर्तन करेगा। चंद्रशेखर ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए बड़ा गठबंधन होना चाहिए था, लेकिन कुछ लोगों के अहंकार के कारण ऐसा नहीं हो पाया।
सपा-कांग्रेस को भी साथ आने की अपील
चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि सभी मिलकर बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ें। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया गया और बहुजन महापुरुषों के नाम पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाती। उन्होंने मूर्तियां तोड़े जाने का भी आरोप लगाया।
चंद्रशेखर ने कहा कि सरकारें बदलती रहीं, घोषणाएं होती रहीं, लेकिन बहुजन समाज आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। जिन लोगों ने वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने का वादा किया था, वे खुद सत्ता के शीर्ष पदों तक पहुंच गए, लेकिन समाज की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया।
गिरिराज सिंह पर ओवैसी का तंज, जवानों की शहादत का उठाया मुद्दा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी टिप्पणी की। उन्होंने गिरिराज सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उन्हें अस्पताल में अपनी सेहत की चिंता करनी चाहिए।
ओवैसी ने बीजेपी नेताओं से जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शहीद हुए दो जवानों के बारे में बात करने की अपील की। वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्हें किसी को राष्ट्रभक्ति का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि देश और सीमा की सुरक्षा क्यों नहीं हो पा रही है।
2027 चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरण
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन से नए राजनीतिक समीकरण सामने आए हैं। गठबंधन ने सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। अब 26 नवंबर की बैठक में गठबंधन की आगे की रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।