

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Diwali get-together celebrated with great enthusiasm at Lok Bhawan
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान लोक भवन के अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। समारोह में गीत-संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उत्सव का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम में लोक भवन परिवार के सदस्यों और बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। राज्यपाल रमेन डेका ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों को दीपावली के उपहार भी भेंट किए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने सत्यम योग संस्थान के सदस्यों को भी सम्मानित किया। योग को दैनिक जीवन में अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के लिए संस्थान के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

राज्यपाल रमेन डेका ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने और पारिवारिक आत्मीयता के साथ त्योहार मनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
समारोह में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे सहित लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।