

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chaos had erupted at 36,000 feet... Air India has now removed the pilot following serious allegations that surfaced during the investigation.
नई दिल्ली। फुकेट से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान में उड़ान के दौरान हुए गंभीर घटनाक्रम को लेकर जांच में नए और चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर यह मामला केवल टर्बुलेंस का परिणाम नहीं माना जा रहा है। रिपोर्ट में विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी और पायलट की कथित लापरवाही को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं।रिपोर्ट के अनुसार, पायलट के नशे की हालत में विमान उड़ाने का आरोप सामने आने के बाद एअर इंडिया ने उसे बर्खास्त कर दिया है। हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगे।
उड़ान के दौरान विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था, जब अचानक तेज झटके लगे। इस घटना में कई यात्री घायल हो गए थे। तेज झटकों के कारण विमान के अंदर मौजूद कुछ उपकरणों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई थी।रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के दौरान इमरजेंसी एग्जिट हैंडल टूट गए थे और विमान के शौचालय का एक हिस्सा भी अपनी जगह से उखड़ गया था। इस गंभीर घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति और संचालन से जुड़े पहलुओं की गहन जांच शुरू की गई।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो एएआईबी ने इस मामले को आधिकारिक रूप से दुर्घटना की श्रेणी में दर्ज किया है। इसके बाद जांच का दायरा और अधिक व्यापक हो गया है।मामले में विमान निर्माता कंपनी एयरबस, विमान संचालन और तकनीकी प्रणाली से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। दुर्घटना घोषित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड्डयन एजेंसियों की भूमिका और तकनीकी जांच का महत्व भी बढ़ गया है।
एयरबस ए320 विमान में बैकअप के तौर पर तीन अलग-अलग हाइड्रोलिक सिस्टम होते हैं, जिन्हें ग्रीन, ब्लू और यलो सिस्टम कहा जाता है। प्रारंभिक जांच में हाइड्रोलिक सिस्टम की खराबी का मुद्दा सामने आने के बाद तकनीकी विशेषज्ञ अब इस पहलू की भी गहराई से पड़ताल कर रहे हैं।जांच एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि तकनीकी गड़बड़ी की वास्तविक स्थिति क्या थी और इसका उड़ान के दौरान हुई घटना से कितना संबंध था।
इधर, श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक अलग घटना में इंडिगो का विमान पार्किंग के दौरान विजुअल डाकिंग गाइडेंस सिस्टम यानी वीडीजीएस पोल से टकरा गया। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची उड़ान को पार्क करते समय यह घटना हुई।टक्कर के कारण विमान का अगला हिस्सा यानी नोज क्षतिग्रस्त हो गया और करीब एक फीट तक अंदर धंसने की जानकारी सामने आई है। घटना के समय विमान में लगभग 200 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि सभी सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 225 करीब 9 बजकर 2 मिनट पर पार्किंग बे नंबर छह पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान विमान वीडीजीएस पोल के संपर्क में आ गया।टक्कर से पोल पर लगी डिस्प्ले यूनिट के साथ लेजर और कैमरा सेंसर भी क्षतिग्रस्त हुए। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, इस घटना के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का सामान्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ।