

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Cheating of Rs 20 lakh through fake WhatsApp DP, 6 accused from Rajasthan arrested
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 20 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी व्हाट्सएप डीपी लगाकर लोगों को झांसे में लेते थे और रायपुर में ठिकाने बदल-बदलकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 20 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज जब्त किए हैं।
मामला थाना सुपेला क्षेत्र का है, जहां सुंदर नगर भिलाई निवासी यश बत्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी साईराम व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते से 20 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने कंपनी डायरेक्टर श्रीचंद बत्रा की फोटो लगाकर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई और अकाउंटेंट को विश्वास में लेकर एचडीएफसी बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करा ली।
जांच में सामने आया कि कंपनी के डायरेक्टरों के बीच राशि ट्रांसफर के लिए व्हाट्सएप ग्रुप का उपयोग होता था। आरोपियों ने इसी प्रक्रिया का फायदा उठाकर फर्जी मैसेज और डीपी के जरिए ठगी को अंजाम दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम बनाई गई। तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी रायपुर के तनिष्क होटल में रुके हुए थे और बाद में गिरफ्तारी से बचने के लिए किराए के मकान तलाश रहे थे।
पुलिस ने घेराबंदी कर पंकज शर्मा समेत कुछ आरोपियों को रायपुर के जय स्तंभ चौक के पास पकड़ा, जबकि अन्य आरोपी बूढ़ा तालाब क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिले। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राजस्थान से आकर अलग-अलग शहरों में होटल और किराए के मकानों में रहकर अपनी पहचान छिपाते थे और साइबर ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर कमीशन बांटते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राजस्थान के लोगों के आधार कार्ड में स्थानीय पता अपडेट कर रायपुर में बैंक खाते खुलवाए गए थे, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन और निकासी के लिए किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में मुरली जनागल, गोपाल सोनी, मोती सिंह, मोतीलाल शर्मा, बनवारी शर्मा और पंकज शर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी, 6 मोबाइल, 10 डेबिट कार्ड, चेकबुक, पासबुक, सिम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं। दुर्ग पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।