

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

भिलाई में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बस्तर, युवाओं, बंगाल की राजनीति, कांग्रेस और सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बयान दिया।
उन्होंने कहा कि बस्तर अब केवल सुरक्षा के नजरिए से नहीं, बल्कि विकास और सेवा के मॉडल की ओर बढ़ रहा है। विजय शर्मा ने बताया कि नेतानार का सुरक्षा कैंप अब “सेवा कैंप” में बदला जा चुका है और ऐसे 70 अन्य स्थानों की पहचान भी की गई है। उन्होंने कहा कि 19 मई 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने नेतानार पहुंचकर इसका उद्घाटन किया।
डिप्टी सीएम ने बताया कि National Institute of Design (NID) की टीम बस्तर में काम कर रही है। यह टीम लघु वनोपजों के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की पूरी प्रक्रिया को डिजाइन करेगी। इसके तहत स्टोरेज, मशीनरी और प्रोसेसिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी ताकि स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिल सके।
विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के युवाओं की आर्थिक, सामाजिक और खेल क्षेत्र में उन्नति के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में “बस्तर फाइटर्स” में फिर से भर्ती की जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को पुलिस सेवा में अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि “बस्तर ओलंपिक” और “बस्तर पण्डुम” जैसे अभियान पहले से चल रहे हैं। इसके अलावा सहकारिता, दुग्ध उत्पादन, बकरी पालन, सूअर पालन और लघु वनोपज आधारित गतिविधियों से युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा।
पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्रवाई के सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि “देश और समाज की डेमोग्राफी में अचानक बदलाव को रोकने के लिए कार्रवाई जरूरी है।” उन्होंने पश्चिम बंगाल में Suvendu Adhikari की कार्यशैली की भी सराहना की।
श्रीनंदनपुर मामले में कांग्रेस के धरने पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि यह पुलिस जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि अगर आर्म्स एक्ट लगा है तो पुलिस जांच करेगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि “जब मुझ पर आर्म्स एक्ट लगा था तब भाजपा ने धरना नहीं दिया था।”
पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह पूरी दुनिया से जुड़ा विषय है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर हर जगह पड़ रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जगद्गुरु रामभद्राचार्य और बागेश्वर धाम सरकार को लेकर दिए गए विवादित बयान पर डिप्टी सीएम ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा “सनातनी मान-बिंदुओं को नीचा दिखाना और उनका अपमान करना कांग्रेस की परंपरा रही है। भाजपा का विरोध करते-करते अब ये संत-महात्माओं के विरोध पर उतर आए हैं। मुझे तो लगता है कि ये किसी दिन यह भी कहना शुरू कर देंगे कि भगवान राम भी भाजपा के हैं।”