

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Health Minister reached the tribute meeting in Vaishali Nagar
श्याम बिहारी जायसवाल बुधवार को वैशाली नगर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। यह कार्यक्रम रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन की श्रद्धांजलि सभा के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए इबोला वायरस, भीषण गर्मी, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इबोला वायरस को लेकर कहा कि राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष मौसमी बीमारियां और वायरस जनित संक्रमण सामने आते हैं, जिनसे निपटने के लिए विभाग लगातार तैयार रहता है। मंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक तैयारियां कर रखी हैं।
भीषण गर्मी और बढ़ते मरीजों को लेकर मंत्री ने कहा कि इस बार प्रदेश में रिकॉर्ड स्तर की गर्मी पड़ रही है। गर्मी, लू और मौसम में लगातार बदलाव के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर टर्शियरी अस्पतालों तक ओआरएस, ग्लूकोज, सलाइन और अतिरिक्त बेड की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा एडवाइजरी भी जारी की गई है। मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में कहीं भी स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा अधिकारियों को लेकर दिए गए बयान पर स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “धमकाने और डराने की राजनीति कांग्रेस की संस्कृति रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान प्रदेश में अपराध और माफिया तत्वों का बोलबाला था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गर्मी को लेकर की गई अपील पर मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलें हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणादायक रही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी लोगों ने प्रधानमंत्री की अपीलों का पालन किया था और अब भीषण गर्मी और लू से बचाव को लेकर की गई अपील से भी लोगों को लाभ मिलेगा।
काफिला कम रखने और पेट्रोल बचाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि वे बिना पायलट और बड़े कारकेड के कार्यक्रम में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर मंत्री ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध के असर के कारण कई देशों में ईंधन की कीमतें काफी अधिक बढ़ी हैं। उन्होंने पाकिस्तान, अमेरिका और चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में वृद्धि तुलनात्मक रूप से कम है।