

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: 15 Maoists carrying a reward of Rs 73 lakh surrender in Mahasamund
महासमुंद। महासमुंद जिले में 15 माओवादियों का समर्पण सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। बरगढ़-बलांगीर-महासमुंद (बीबीएम) डिवीजन कमेटी से जुड़े 73 लाख रुपये के इनामी 15 सशस्त्र माओवादियों ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बलौदा थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें नौ महिला माओवादी भी शामिल हैं। सभी ने तीन एके-47 सहित कुल 14 हथियार पुलिस को सौंप दिए।
इस कदम के साथ ओडिशा राज्य कमेटी के पश्चिमी सब-जोन के पूरी तरह समाप्त होने की बात कही जा रही है। लंबे समय से हिंसा का रास्ता छोड़ने की इच्छा जता रहे 25 लाख रुपये के इनामी डिवीजन प्रभारी विकास उर्फ सुदर्शन (एससीएम) ने पहले ही प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर सुरक्षित समर्पण की इच्छा जताई थी।
भरोसे के बाद लौटे मुख्यधारा में
गृहमंत्री ने रेडियो संदेश के जरिए आश्वासन दिया कि समर्पण प्रक्रिया सुरक्षित और सम्मानजनक होगी। इसके बाद बस्तर के पत्रकार विकास तिवारी ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। उन्होंने जंगल में पहुंचकर माओवादियों से संवाद स्थापित किया और सीधे गृहमंत्री से फोन पर बातचीत कराई। भरोसा कायम होने के बाद विशेष पुलिस बस से सभी को सुरक्षित स्थान पर लाया गया।
रविवार को रक्षित केंद्र परसदा में आयोजित कार्यक्रम में माओवादियों ने तिरंगे और संविधान के प्रति निष्ठा जताई। पुलिस अधिकारियों ने गुलाब भेंट कर उनका स्वागत किया। इससे पहले जनवरी में 39 और फरवरी में 37 माओवादी मुख्यधारा में लौट चुके हैं। स्पष्ट है कि 15 माओवादियों का समर्पण अब शांति के बाद विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।