

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Amit Baghel surrenders in court; sent to jail following the expiry of his interim bail period.
रायपुर। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया। बिलासपुर हाईकोर्ट से मिली तीन महीने की अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद वे अदालत पहुंचे, जहां न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। सरेंडर के दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक कोर्ट परिसर के बाहर मौजूद रहे।
अमित बघेल के खिलाफ अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रायपुर के तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर समेत अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज की गई थीं। उनके खिलाफ कुल 14 एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
दिसंबर 2025 में गिरफ्तारी के बाद अमित बघेल ने जमानत के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी थी। हालांकि, तीन अलग-अलग मामलों में उन्हें तीन महीने की अंतरिम जमानत दी गई थी। इसके साथ ही अदालत ने कुछ शर्तें भी निर्धारित की थीं।
अंतरिम जमानत के दौरान हाईकोर्ट ने अमित बघेल को रायपुर जिले की सीमा में निवास नहीं करने का निर्देश दिया था। हालांकि, न्यायालय में निर्धारित पेशी के लिए उन्हें रायपुर आने की अनुमति दी गई थी। अब अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने अदालत में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।