

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Rs 15 lakh swindled on the pretext of securing a government coal tender; another case registered against Raipur-based businessman Deepak Tandon
जांजगीर/सक्ती। धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग, उगाही और संपत्ति पर अवैध कब्जे जैसे मामलों में आरोपों का सामना कर रहे रायपुर के कारोबारी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ ठगी का एक और मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि उसने सक्ती जिले में कोयले का सरकारी टेंडर दिलाने का झांसा देकर एक व्यापारी से 15 लाख रुपये ले लिए। गारंटी के तौर पर उसने चार लाख रुपये का चेक और एक ब्लैंक चेक भी दिया था। बाद में जांच में पता चला कि चेक जिस एचडीएफसी बैंक खाते का था, वह वर्षों पहले ही बंद हो चुका था।
पुलिस के अनुसार, सक्ती के वार्ड-6 स्थित गुरुद्वारा वार्ड निवासी किशन शर्मा ट्रांसपोर्टिंग और कोयला व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि मार्च 2022 में दीपक टंडन ने उनसे संपर्क किया था। उसने बड़े अधिकारियों से अपनी पहचान होने का दावा करते हुए कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया था।
टेंडर मिलने की उम्मीद में किशन शर्मा ने चेक के माध्यम से दीपक को कुल 15 लाख रुपये का भुगतान किया। आरोपित ने भरोसा दिलाने के लिए चार लाख रुपये का चेक और एक ब्लैंक चेक गारंटी के रूप में दिया था।
लंबे समय तक टेंडर नहीं मिलने पर किशन शर्मा को ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने दीपक द्वारा दिए गए एचडीएफसी बैंक के चेक की जानकारी ली। जांच में पता चला कि संबंधित बैंक खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल लेनदेन, बैंक चेक और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।