

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Budget Session: Chhattisgarh Assembly's budget session to begin on January 23; OP Choudhary to present budget on January 24
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 जनवरी को सदन में अपनी सरकार का तीसरा बजट पेश करेंगे। मंत्री ने बताया कि यह बजट नई थीम और नए विजन के साथ प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के दीर्घकालिक विकास का रोडमैप शामिल रहेगा।
विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ पर रहेगा फोकस
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आगामी बजट वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प और प्रदेश सरकार के विकसित छत्तीसगढ़ विजन डॉक्यूमेंट के अनुरूप बजट की रणनीति बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि बजट में 2047 के लिए लॉन्ग टर्म प्लान और शॉर्ट टर्म प्लानिंग के तहत स्पष्ट विकास रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा।
विपक्ष पर लगाया आरोप
बजट को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व की योजनाओं की तुलना में वर्तमान सरकार अधिक वित्तीय सहायता दे रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में राजीव गांधी योजना के तहत चार किस्तों में राशि दी जाती थी, जबकि वर्तमान में सरकार हर वर्ष उससे अधिक राशि हितग्राहियों को उपलब्ध करा रही है। मंत्री के अनुसार राज्य सरकार हर साल करीब 8000 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में ट्रांसफर कर रही है।
विकास कार्यों पर सरकार का जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में बुनियादी ढांचे, सामाजिक योजनाओं और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों पर केंद्रित है और आने वाला बजट प्रदेश के समग्र विकास की दिशा तय करेगा।