

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Assembly monsoon session begins today; tribute paid to Teejan Bai on the first day; 8 bills to be tabled.
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज 13 जुलाई से शुरू हो रहा है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। सरकार इस दौरान आठ महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश करेगी। सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगी।
सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। विपक्ष द्वारा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की भी तैयारी की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन (वित्तीय वर्ष 2024-25) तथा अधिसूचित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग विनियम-2026 प्रस्तुत करेंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सदन में विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (VBGRAM) योजना, छत्तीसगढ़ से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे। वहीं वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स नेटवर्क (GSTN) की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा फरवरी-मार्च 2026 के विधानसभा सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्नों के अपूर्ण उत्तरों का संकलन भी सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।
पहले दिन वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में कथित लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए संस्कृति मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे।