

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Speed turns deadly in Chhattisgarh: Five died, several injured in four road accidents.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में रविवार और शनिवार शाम हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जशपुर, बिलासपुर और कोंडागांव में हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।
जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र स्थित लवाकेरा के सरपंच चौक के पास शनिवार शाम एक डंपर और अल्टो कार की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कुनकुरी निवासी जूता कारोबारी फैसल आलम और चरईडांड़ निवासी सुफियान आलम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों कारोबार के सिलसिले में ओडिशा गए थे और वापस लौटते समय यह दुर्घटना हुई।
बताया जा रहा है कि शाम करीब सात बजे एक तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार डंपर ने कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक वाहन में ही फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
बिलासपुर के मल्हार चौकी क्षेत्र में नवोदय विद्यालय के पास रविवार दोपहर हाइवा और दो मोटरसाइकिलों के बीच दुर्घटना हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान इस मामले में अलग-अलग हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पहले दोनों बाइक आपस में टकराईं और सवार सड़क पर गिर गए, जिसके बाद पीछे से आ रहे हाइवा की चपेट में आ गए। वहीं कुछ का दावा है कि हाइवा ने सीधे दोनों बाइकों को टक्कर मारी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बिलासपुर शहर में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार कई फीट दूर जा गिरा। इसके बाद अनियंत्रित कार आगे जाकर एक स्कूली बस से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल स्कूटी चालक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बनियागांव के पास रविवार सुबह यात्री बस और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक शंभू साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला और उनका बेटा घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक का शव वाहन में फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि तेज रफ्तार अब सबसे बड़ा खतरा बनती जा रही है। पुलिस का कहना है कि अधिकांश दुर्घटनाएं तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण होती हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन और सतर्क ड्राइविंग ही हादसों को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है।