

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Interstate cannabis smuggling gang busted in Raipur; 5 accused, including 2 women, arrested.
रायपुर। राजधानी में सक्रिय गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 46.1 किलोग्राम गांजा, एक दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कमल विहार इलाके में बड़ी मात्रा में गांजा पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान वाहन में रखी बोरियों और बैग से गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से ओडिशा के कालाहांडी निवासी बनमाली तांडी और अनु तांडी को भी गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि गांजा कालाहांडी से रायपुर लाकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से तस्करी की पूरी सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपियों में शामिल कुछ लोगों के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनके वित्तीय लेनदेन, संपर्क सूत्रों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। मामले में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।