

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Bastar Range gets a new IG; Badrinarayan Meena to take charge.
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा (2004 बैच) को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। उनकी नई पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे।
बस्तर रेंज में उनकी नियुक्ति को क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए उनकी प्रशासनिक और पुलिसिंग अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है।
आईपीएस बद्रीनारायण मीणा इससे पहले दुर्ग रेंज के आईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के पद पर रहते हुए भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। पुलिस प्रशासन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें बस्तर रेंज की कमान सौंपी गई है।
बद्रीनारायण मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका मूल निवास राजस्थान के जयपुर जिले में है। उनके पिता जनगणना विभाग में कार्यरत थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा जयपुर में ही प्राप्त की।
मीणा ने सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से दसवीं तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पोद्दार से बारहवीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2000 में राजस्थान कॉलेज, जयपुर से बीए की डिग्री हासिल की।
बद्रीनारायण मीणा ने यूपीएससी की तैयारी के दौरान पहली बार वर्ष 2001 में परीक्षा दी थी। लगातार प्रयासों के बाद उन्होंने सफलता हासिल की और वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी बने। उनके भाई श्रवण मीणा भी इसी बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। हालांकि बाद में श्रवण मीणा ने दोबारा यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) जॉइन कर ली।
