

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Bride Refuses to Marry Drunk Groom
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दुल्हन ने शादी के मंडप में ऐसा साहसिक फैसला लिया, जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे को शराब के नशे में धुत देखकर दुल्हन ने फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया। युवती के इस कदम की स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने भी सराहना की है।
जानकारी के मुताबिक, कोसमांडा गांव निवासी 22 वर्षीय मुस्कान प्रधान की शादी 23 जून को खोखरा गांव के 24 वर्षीय संत राम के साथ तय थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात कोसमांडा पहुंची और विवाह की तैयारियां शुरू हुईं। इसी दौरान दुल्हन पक्ष को पता चला कि दूल्हा अत्यधिक शराब के नशे में है और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा।
दूल्हे की हालत देखकर मुस्कान ने शादी से इनकार कर दिया। उसके फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई और समारोह स्थल पर तनाव बढ़ गया। सूचना मिलने पर चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।
पुलिस को दिए बयान में मुस्कान ने बताया कि सगाई के समय भी दूल्हा शराब के नशे में आया था। उस समय उसे समझाइश दी गई थी और उसने शराब छोड़ने का वादा किया था। लेकिन शादी के दिन भी वह नशे की हालत में पहुंच गया, जिसके बाद उसने विवाह नहीं करने का फैसला लिया।
विवाद के दौरान बारातियों और दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों के बीच झड़प भी हुई, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझा। दूल्हा पक्ष ने शादी की तैयारियों में हुए खर्च की भरपाई के लिए करीब तीन लाख रुपये देने पर सहमति जताई। वहीं, दसवीं तक पढ़ी मुस्कान ने कहा कि वह आगे अपनी पढ़ाई जारी रखकर आत्मनिर्भर बनना चाहती है।
मुस्कान के इस फैसले को लोग महिला सशक्तिकरण और आत्मसम्मान की मिसाल के रूप में देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उसके साहस की जमकर सराहना हो रही है।