

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur acb trap patwari electricity clerk caught taking bribe
बिलासपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बिलासपुर जिले में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी और बिजली विभाग के एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर क्षेत्र के ग्राम लालपुर में पदस्थ पटवारी भानू चंद्राकर पर जमीन के नक्शा-बटांकन से संबंधित कार्य कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता अशोक अग्रवाल ने ACB से शिकायत की थी कि पटवारी ने काम के एवज में 40 हजार रुपए की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की राशि 25 हजार रुपए तय हुई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया और पटवारी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई मस्तूरी स्थित बिजली वितरण कंपनी के कार्यालय में की गई। यहां क्लर्क सहदेव कुमार चंद्रा पर किसान त्रिलोकी साहू से खेत में विद्युत पोल लगाने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी क्लर्क को 10 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया।
एक ही दिन में हुई इन दो बड़ी कार्रवाइयों से राजस्व और बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। ACB ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।